गुना। मध्य प्रदेश के गुना के कैंट थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जहां घर में घुसकर एक युवक ने डरा धमका कर गलत नियत से उसका हाथ पकड़ा फिर जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट करने भी आरोप लगे है। घटना के बाद पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा।
कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरोदा खुर्द में रहने वाले पीड़ित परिवार ने बताया कि 2 सितंबर की रात 9:30 बजे उनकी बच्ची घर पर अकेली थी। इस दौरान जीतू नाम का एक युवक उनके घर में घुस गया। जब युवती ने कहा कि उसके माता-पिता घर पर नहीं है, तो आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। इसके बाद युवती को डरा धमका कर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ गलत नीयत से हाथ पकड़कर जबरदस्ती करने लगा। इस बात का जब युवती ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की।
पीड़ित परिवार ने SP से लगाई न्याय की गुहार
वहीं इसी बीच युवती पिता भी घर पहुंच गए। जब उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो आरोपी युवक फरार हो गया। पीड़िता ने सारी बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद सभी लोग शिकायत दर्ज कराने कैंट थाने गए। लेकिन जब यहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई, तब पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। एसपी के आदेश पर महिला थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।