इंदौर। आजाद नगर इलाके के पीटीसी में रहने वाली सूबेदार (सब इंस्पेक्टर) ने शुक्रवार सुबह करीब 5.30 बजे सातवीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। सूचना के बाद वरिष्ठ अफसर मौके पर पहुंचे और शव को एमवाय अस्पताल भेजा। मामले में डिप्रेशन की बात सामने आ रही है।

आजाद नगर थाना टीआई नीरज मेंढा के मुताबिक मृतका का नाम नेहा (32) पति ओमशरण है। वह पीटीसी के पीछे शिप्रा बिल्डिंग में रहती थी। नेहा सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली और सामने बनी सीनियर पुलिस अधिकारियों की बिल्डिंग के टॉप फ्लोर से छलांग लगा दी। नीचे गिरने के बाद बिल्डिंग में मौजूद गार्ड ने सबसे पहले देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर आजाद नगर पुलिस पहुंची है। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है।

मूलरूप से नीमच की रहने वाली थी नेहा-
नेहा की शादी 2019 में एक टीचर से रायपुर में हुई थी। पति ओमशरण ने बताया कि नेहा सुबह उठी और मुझसे कहा कि बच्चों का ध्यान रखना। कुछ देर बाद उसके सुसाइड की खबर आ गई। वह सहज और सरल स्वभाव की थी। काफी दिनों से काम को लेकर तनाव में चल रही थी। हालांकि अफसरों ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। 2015 में उनकी पुलिस विभाग में भर्ती हुई थी। इसके बाद से वह पीटीसी में ही पदस्थ थी। शादी से पहले से ही नेहा के डिप्रेशन का इलाज चल रहा था। नेहा की आठ माह की बेटी और 4 साल का एक बेटा है। वह मूल रूप से नीमच की रहने वाली थी।

हाई सिक्योरिटी जोन में आती है बिल्डिंग-
सूत्रों के मुताबिक नेहा जिस बिल्डिंग से कूदी उसमें सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वह हाई सिक्योरिटी जोन की सबसे सुरक्षित बिल्डिंग है। इस बिल्डिंग में दो डीसीपी और कई एडीसीपी, एसीपी और डीएसपी रहते हैं।