कुकड़ेश्वर। श्री अरिहंत विद्यापीठ में सोमवार को स्वच्छता पखवाड़े के तहत नगर परिषद कुकड़ेश्वर की स्वच्छता टीम ने विद्यार्थियों को गीला कचरा, सूखा कचरा, इलेक्ट्रिक कचरा और हाइजीनिक कचरे के निदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गीले कचरे से कम्पोस्ट खाद कैसे बनाया जा सकता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने घर, विद्यालय, नगर और देश को गंदगी मुक्त और स्वच्छ बनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा वेस्ट से बेस्ट थीम पर बनाए गए क्राफ्ट प्रदर्शित किए गए, जिसमें वेस्ट पेपर से बने पेन बॉक्स, प्लास्टिक की बोतल से सजाए गए पुलों की डलिया, वेस्ट कार्डबोर्ड से बनी पवन चक्की और रेत की घड़ी जैसी वस्तुएं शामिल थीं। नगर परिषद की टीम ने इन रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
आगे विद्यालय में पूरे सप्ताह के लिए विभिन्न कार्यक्रम तय किए गए, जिनमें स्वच्छता रंगोली, डस्टबिन मेकिंग प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला, बाजार में व्यापारियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े की थैली वितरित करने की रैली, ट्रेचिंग ग्राउंड का दौरा, और एक पेड़ माँ के नाम अभियान शामिल हैं।