भोपाल। दुर्गा धाम शक्तिपीठ मंदिर में सोमवार(23 सितंबर) से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत कलश यात्रा निकाली गयी। जिसका शुभारंभ पंडित युगल किशोर शास्त्री द्वारा किया गया। यात्रा मन्दिर के मुख्य मार्गों से होती हुई पुनः दुर्गा धाम मन्दिर पर संपन्न हुई। मंदिर के प्रचार सचिव अनिल ठाकुर ने बताया कि कथा पितरों के निमित्त उनकी शांति के लिए की जा रही है। कथा 23 से 1 अक्टूबर तक रोजाना दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होगी।
कथा का वाचन मर्मज्ञ संत रामदास जी महाराज करेंगे। अनिल ठाकुर ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा व पोथी पारायण का सैकड़ों श्रद्धालु मुख्य यजमानों के साथ प्रतिदिन लाभ ले सकेंगे। आयोजन की संपूर्ण तैयारी मां दुर्गा धाम शक्तिपीठ व दुर्गा धाम मंदिर परिवार समिति द्वारा की गई है।
मंदिर के प्रचार सचिव अनिल ठाकुर ने बताया कि कलश यात्रा में विशेष अतिथि के रूप में महापौर मालती राय मुख्य रूप से शामिल हुई। कथा का आयोजन यजमानों और ब्राह्मणों द्वारा पोथी पाठ प्रारंभ करके होगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित होने वालों में पप्पू राय, फूलचंद गुप्ता, सी के पांडे, राकेश मिश्रा, मोतीलाल पटेल, अवधेश पांडे, शुभम मालवीय, पदम सिंह यादव, जब्बू लाल सैनी, सत्यनारायण गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।