दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव के आगे बांदकपुर रोड पर ट्रक ने आगे जा रहे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में मृतकों की संख्या 7 हो गई है। घटना में तीन लोग घायल हैं, जिन्हें गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि ऑटो में कुल 10 लोग सवार थे।
दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर, एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक में फंसे ऑटो से शव और घायलों और को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। इस हादसे में ऑटो चालक आलोक गुप्ता समेत 7 लोगों की जान चली गई। वहीं, गायत्री पति सिद्धू, रीता बाई पति राजेश और एक बच्चा घायल हैं।
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया और उससे पूछताछ की गई। छतरपुर के बक्सवाहा का रहने वाला 22 वर्षीय ड्राइवर नीरज सिंह लोधी शराब नशे में है। पुलिस मेडिकल जांच के लिए उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची। वह इतने नशे में है कि कुछ भी बोलने की हालत में नहीं है। उसे तो ये भी होश नहीं कि क्या हुआ है।
हादसे में जान गंवाने वाले ऑटो चालक आलोक गुप्ता की मां गोपी बाई ने बताया कि सभी लोग दमोह शहर के शोभा नगर के रहने वाले हैं और उनके रिश्तेदार हैं। मौत किस-किसकी हुई है, यह जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि सोमवार को श्राद्ध कार्यक्रम था, जिसमें वह शामिल होने गए थे।