मनासा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निवास भोपाल पर गत दिवस आयोजित क्षमावाणी कार्यक्रम में स्थानीय जैन श्वेताम्बर मूर्ति पूजक श्रीसंघ का एक प्रतिनिधिमंडल श्रीसंघ अध्यक्ष प्रकाश हिंगड़ एवं चातुर्मास समिति के सचिव अनिल यति के नेतृत्व में उक्त कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ।
समाजसेवी अनिल यति एवं पत्रकार नमन यति ने प्रातःकाल मुख्यमंत्री जी के निवास पर पहुंचकर श्रीसंघ मनासा की तरफ से नाकोड़ा भैरव देव की स्वर्ण जड़ित प्रतिमा भेंट की तथा श्रीसंघ में परम् पूज्य सौम्ययशा श्रीजी आदि ठाणा 5 की निश्रा में चल रहे भव्य चातुर्मास के बारे में अवगत कराया। पूज्य श्री की निश्रा में सम्पन्न हो रहे धार्मिक कार्यक्रम से प्रभावित होकर परम् पूज्य सौम्ययशा श्रीजी मसा. के चरणों में वन्दन सौंपते हुए मुख्यमंत्री जी द्वारा पूज्य श्री के लिए कांबली भेंट की गयी।
आज श्रीसंघ द्वारा स्थानीय उपाश्रय में प्रवचन के पश्चात पूज्य सौम्ययशा श्रीजी को आदर सहित मुख्यमंत्री की भेंट स्वीकार करने का आग्रह किया एवं प्रतीक स्वरूप उन्हें भेंट सौपी। चूंकि चातुर्मास में विधान अनुसार साध्वीभगवंत इस समय कोई भेंट स्वीकार नही करते हैं इसलिए पूज्य श्री ने श्रीसंघ एवं मुख्यमंत्री जी की भावना का सम्मान रखते हुए प्रतिक स्वरूप भेंट स्वीकार्य की।
इस अवसर पर पत्रकार नमन यति ने जैन समाज के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की गयी घोषणाओं का जिक्र समाजजन के समक्ष करके माननीय मुख्यमंत्री का पूरे समाज की तरफ से आभार ज्ञापित करते हुए मध्यप्रदेश साशन को धन्यवाद प्रेषित किया। इस मौके पर श्रीसंघ से सूरजमल मानावत, प्रवीण मानावत, सुभाष श्रीमाल, आदि समाज के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे।