नीमच। अग्रवाल समाज के आराध्य देव भगवान अग्रसेन महाराज की रतन जड़ित बहुत ही आकर्षक और सुंदर प्रतिमा रूपी तस्वीर का आज नीमच के नृसिंह मंदिर में धूमधाम व पूजा पाठ के साथ पदार्पण और अनावरण किया गया। श्री अग्रसेन महाराज की रत्न जड़ित मूर्ति के चार पहिया वाहन में नृसिंह मंदिर पर आगमन होते ही अग्र वंशज खुशी से झूम उठे। इस अवसर पर ढोल नगाड़ों की थाप पर अग्रवाल समाज के अनुयायियों ने जमकर नृत्य किया। इसके बाद मंदिर में विद्वान पंडित जी द्वारा समाज के पदाधिकारियों की उपस्थिति में पूजा पाठ किया गया। पूजा पाठ के बाद मूर्ति का लोकार्पण हुआ।
बताते चलें कि यह रत्न जड़ित मूर्ति उदयपुर के ख्यात नाम कारीगरों द्वारा कलात्मक ढंग से निर्मित की गई है। अग्र वंशज परिवार के सदस्यों ने बताया कि अग्रसेन जयंती महोत्सव के उपलक्ष में रतन देवी मांगलिक भवन पर आयोजित आनंद मेले में भगवान अग्रसेन की यह रत्न जड़ित तस्वीर प्रदर्शित की जाएगी, जो कि समाज जन के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र होगी। रतन जड़ित तस्वीर के लोकार्पण अवसर पर बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के महिला और पुरुष मौजूद रहे।