नीमच। जिले के जवासा में उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक टायर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई और गैस टंकियों में अचानक विस्फोट हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार अल सुबह नीमच सिटी थाना के अंतर्गत ग्राम जवासा में भादवा माता चौराहे पर एक गंगा टायर नाम से एक दुकान में भीषण आग लग गई। सूचना पर जवासा चौकी पुलिस सहित तीन फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची। वहीं पुलिस ने मनासा-नीमच रोड को दोनों तरफ से बंद किया।

बताया जा रहा है कि दुकान में 4 से 5 गैस की टंकियां पड़ी हुई थी, जिसमें 2 ब्लास्ट हुए। आग इतनी भीषण थी के तीन फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। वहीं बताया जा रहा है कि दुकान में आयल ग्रीस टायर सहित खरीदा हुआ अनाज भी दुकान के अंदर था जो जलकर पूरी तरह खाक हो गया। हालाकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास की दुकानों को भी खाली करवाया और सभी लोगों को वहां से हटवाया।

दुकान मालिक नरेंद्र पिता जगदीश राठौर ने बताया कि दुकान में करीब 7 से 8 लाख का नुकसान हुआ है। वहीं आग लगने का कारण सामने आया कि दुकान पर काम करने वाले लड़के मोटरसाइकिल की टंकी में गैस भर रहे थे तभी टंकी का वाल अंदर दबा रह गया और गैस लीकेज होने से दुकान में लगी अगरबत्ती और दीपक की वजह से टंकी ने आग पकड़ ली और विस्फोट हो गया।
