खरगोन। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव गुरूवार 9 जनवरी को बोरावां में आमजनों, किसानों एवं कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। विधायक सचिन यादव ने आत्मीयता से मुलाकात करते हुए विभिन्न ग्रामों से पधारे विधानसभा स्वजनों से उनकी समस्याएं जानी। साथ ही समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की।
विधायक सचिन यादव ने चर्चा के दौरान बताया कि विगत दिसम्बर माह में विधानसभा की कार्यवाही के चलते वे भोपाल में व्यस्त थे। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उन्हें अपनी समस्याओं से समय समय पर अवगत कराया गया था। जिसका त्वरित समाधान किया गया। यादव ने आगे कहा कि वर्तमान परिदृश्य में हमारे अन्नदाता चिंतित है। उन्हें अपनी उपज के लिए समय पर उर्वरक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। इसके लिए हमारे द्वारा विधानसभा में पुरजोर मांग की। साथ ही प्रदेश में व्याप्त मॅहगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के मुद्दों को भी उठाया। आज किसानों को उनकी उपज के वाजिब दाम सरकार नहीं दे पा रही है, इसके लिए भी हमारी लड़ाई लगातार जारी है।