नीमच। शहर में यातायात पुलिस द्वारा आज कंट्रोल रूम से परवाह थीम के अंतर्गत एनसीसी कैडेट के साथ यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यातायात जागरूकता माह के अंतर्गत निकाली गई रैली को विधायक दिलीप सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने आमजन से यातायात नियमों के पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जीवन बहुमूल्य है। हम लोग वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट आदि का उपयोग करें। खुद भी सुरक्षित रहें और परिवार को भी सुरक्षित रखें। नशे का सेवन कर गाड़ी कत्तई ना चलाएं। रैली बड़ी संख्या में एनसीसी के छात्रों ने हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने का संदेश दिया गया। यह रैली फव्वारा चौक, नया बाजार, तिलक मार्ग, घंटाघर, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार, फोर ज़ीरो और शहर के मुख्य मार्गाे से होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर समाप्त हुई। इस अवसर पर एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, सीसी अभिषेक रंजन, थाना प्रभारी पुष्पा चौहान और यातायात थाना प्रभारी उर्मिला सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।