शाजापुर। जन सामान्य तक शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरंतर खाद्य प्रतिष्ठानों की जाँच कर खाद्य कारोबारकर्ताओं को जागरूक किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपा टटवाड़े ने बताया कि वर्ष 2023 में खाद्य विभाग द्वारा विभिन्न खाद्य पदार्थों के 94 लीगल नमूने, 183 सर्विलेंस नमूने लेकर जाँच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। नमूने अमानक स्तर के पाए जाने एवं बिना खा़द्य लायसेंस के कारोबार करने पर 18 प्रकरण एडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किए जा चुके हैं।
प्रतिमाह संभागीय मोबाइल फूड टेस्टिंग लेब का जिले में भ्रमण होता है। जिसके दल द्वारा डेयरी, किराना दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट आदि की निरंतर जाँच कर नमूने लेकर मौके पर जाँच करने के साथ-साथ खाद्य कारोबारकर्ताओं को जागरूक करने का कार्य भी किया जा जा रहा है। होटल रेस्टोरेंट विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों के निर्माण में टेगो का कम प्रयोग करने अखबार में खाद्य सामग्री का विक्रय न करने एवं तलने में तेल का चार बार से अधिक प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
मोबाइल फूड लेब दल द्वारा जनवरी 6,7,8 एवं 9 को शाजापुर, दुपाड़ा, शुजालपुर, उगली, बकायन एवं खरदोनकलां में विभिन्न डेरियो होटलों एवं किराना दुकानों की जाँच कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के 93 नमूने लिए गए, जिनमें से 7 नमूने फेल पाए जाने पर रेग्युलेटरी नमूने लेकर खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में मोबाईल फूड लेब का भ्रमण जारी हैं।