नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से विस्थापित बतकछार गांव के लोग पचमढ़ी के पनारपानी गेट के बाहर एसटीआर के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीण शुक्रवार दोपहर 12 बजे से बैठे हैं। इस दौरान मनाने आए अफसरों की उन्होंने नहीं सुनी और रात में वहीं कंबल, शॉल और तिरपाल ढककर सो गए।
विस्थापित ग्रामीण मुआवजा और जमीन की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर उन्होंने पिछले महीने भी धरना देकर पैदल मार्च निकाला था।
2013-16 में हुआ कई गांवों का विस्थापन
एसटीआर के कोर क्षेत्र से साल 2013 से 2016 में रोरीघाट, खामखेड़ी, काजरी, बतकछार समेत कई गांव का विस्थापन हुआ। एसटीआर फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा ने बताया कि बतकछार के कई ग्रामीणों को विकल्प अनुसार मुआवजा और जमीन दी गई। उस समय जो बाहर रहते थे या नौकरी करते थे, वे लोग छूट गए थे। वही लोग अब मुआवजा और जमीन की मांग कर रहे हैं।