खरगोन। वर्तमान में खेल सिर्फ स्वस्थ्य होने का माध्यम ही नहीं बल्कि अच्छे कैरियर के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। महिला खेल स्पर्धाएं महिला सशक्तिकरण का आधार भी हैं। यह बात शनिवार को खंडवा रोड स्थित आदित्य विद्या विहार परिसर में अखिल भारतीय आमंत्रित महिला हॉकी स्पर्धा रिपब्लिक ट्रॉफी के अनावरण पर आदित्य विद्या विहार डॉयरेक्टर अनिल रघुवंशी ने कही। उन्होंने खेलों में भागीदारी करने का आव्हान भी किया। निमाड महिला हॉकी एकेडमी अध्यक्ष मंजीतसिंह चावला ने बताया कि सोमवार से स्टेडियम मैंदान पर स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। यह रिपब्लिक ट्रॉफी का छठवां संस्करण होगा। पूर्व में तीन राज्य स्तरीय व दो अखिल भारतीय स्तरीय आयोजन किये जा चुके हैं। इसमें देशभर की आमंत्रित महिला हॉकी टीमें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। समाजसेवी त्रिलोचनकौर चावला ने बताया कि महिला हॉकी स्पर्धा का उद्देश्य हॉकी खेल का प्रसार व प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना है। जिला हॉकी एसोसिएशन कार्यकारी अध्यक्ष व समाजसेवी मनोज रघुवंशी ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल बच्चों के समग्र विकास की आधारशिला हैं। बच्चों को खेलों में भागीदारी करना चाहिए। खेल संघर्ष में अच्छे प्रदर्शन की प्रेरणा के लिए प्रेरित करते हैं। इस दौरान समाजसेवी राजीकौर खनुजा, सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजुद रहे।
स्पर्धा में देशभर के करीब 100 खिलाडियों का दमखम देखने को मिलेगा। स्पर्धा में अभिनव हॉकी एकेडमी अम्बेडकर नगर (उत्तरप्रदेश), गुन्नुर हॉकी एकेडमी गंगानगर (राजस्थान), मलिक हॉकी एकेडमी रामपुर (उत्तरप्रदेश), जम्मू कश्मीर महिला हॉकी एकेडमी जम्मू, हरियाणा हॉकी एकेडमी हरियाणा, राजा हॉकी एकेडमी नागपुर (महाराष्ट), निकल हॉकी एकेडमी दिल्ली, ताहिर हॉकी एकेडमी इंदौर, हॉकी फिडर सेंटर शिवपुरी, जिला हॉकी संघ नीमच, जिला हॉकी संघ मंदसौर, पब्लिक स्कूल धार, डी.एच.ए. बड़वानी, जिला हॉकी संघ देवास, ध्यानचंद हॉकी एकेडमी उज्जैन, फिडर सेंटर खरगोन व निमाड़ महिला हॉकी एकेडमी खरगोन टीमों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। वहीं इस स्पर्धा को स्टेट हॉकी एसोसिएशन ने भी स्वीकृति प्रदान की है। स्पर्धा के सभी रैफरी म.प्र हॉकी इंडिया रजिस्टर्ड व क्वालिफाइड है। सभी मैच स्टेडियम मैदान पर आयोजित होंगे।