नीमच। राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशानुसार 11 जनवरी को जिले के सभी 806 प्राथमिक शालाओं के कक्षा 1 एवं 2 के बच्चों हेतु मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) मेला का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा केन्द्र के डीपीसी, एपीसी सहित सभी बीआरसीसी, बीएसी व जन शिक्षकों ने मेलों में सहभागिता की व बच्चों के दक्षता परीक्षण को समीप से देखा।
इस दौरान एफएलएन मेले में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों का विभिन्न 6 स्टाल लगाकर डिमोस्ट्रेशन किया गया। जिसमें पंजीयन, शारीरिक विकास, बौद्धिक विकास, भाषा विकास, गणित की पूर्व तैयारी और बच्चों का कोना शामिल थे। जिला अकादमिक समन्वयक पंडित अंबिका प्रसाद जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 1 व 2 के बच्चे अपने माता-पिता के साथ मेले में भाग लेंगे पहुंचे जहाँ सर्वप्रथम बच्चों का पंजीयन स्टाल पर पंजीयन किया जाएगा और उन्हें एफएलएन मेला रिपोर्ट कार्ड दिया गया, जिसे बच्चे के द्वारा मेले में लगे अलग-अलग स्टाल पर विभिन्न गतिविधियों में प्रदर्शन के स्टॉल प्रभारी वॉलिंटियर्स के द्वारा भरा गया।
प्राथमिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के अपनी दक्षता प्रदर्शन में विभिन्न गतिविधियों में उनकी शारीरिक बौद्धिक एवं संवेगात्मक विकास प्रभावित करने वाला था । अवलोकन में यह बात निकल कर आई कि हमारे शिक्षक सतत मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा , आसपास के वातावरण की अनुभूति, सामान्य वस्तुओं की परख, सामान्य ज्ञान की जानकारी भी शिक्षकों के द्वारा प्रदान की जा रही है। इस दौरान मध्यान्ह भोजन की भी जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि उन्हें आज मध्यान्ह भोजन में दाल,पूड़ी,छोले की सब्जी दी गई है।
बच्चों के उत्तम प्रदर्शन से अधिकारी प्रभावित हुए एवं निर्देश दिया कि इस प्रकार की गतिविधियां पूरे साल लगातार कराई जाए जिससे बच्चों का विकास होगा उन्होंने कहा कि माता-पिता भी विद्यार्थियों के मानसिक विकास हेतु इस प्रकार की गतिविधियां घर पर भी कराए। उन्होंने कहा कि यह बच्चों का ऐसा समय है जिसमें इनका मानसिक विकास सबसे अधिक होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां सतत रूप से की जानी चाहिए प्रत्येक स्कूल में इस प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाए। इस प्रकार के मेले समुदाय से विद्यालय को जोड़ते हैं एवं अभिभावक विशेष तौर पर माताएं यह जान पाती है कि बच्चे किस प्रकार से सीखते हैं और घर में उन्हें किस प्रकार से आसपास के वातावरण में उपलब्ध चीजों से सिखाया जा सकता है। इस प्रकार से हमारे जिले में आज लगभग 9434 विद्यार्थियों ने मेले में सहभागिता की एवं अपने कौशल का प्रदर्शन कर अपने पालकों के हाथों से अपना रिपोर्ट कार्ड प्राप्त किया।
इस मेले की तैयारी विगत 2 माह से की जा रही थी जिसमें अभिभावक कार्यशाला का गठन उनकी मासिक बैठक एवं इन बैठकों की जानकारी पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करवाई गई। जिला स्तरीय मेला उन्मुखीकरण कार्यक्रम दिनांक 9 जनवरी को डाइट नीमच में रखा गया जिसमें कक्षा एक और दो के रिपोर्ट कार्ड जिले के समस्त जन शिक्षकों को वितरित किए गए एवं उन्हें भोपाल की प्रथम संस्था से आए प्रतिनिधि सुनील जी अहिरवार एवं अरविंद जी लौध के द्वारा प्रशिक्षित किया गया। पश्चात दिनांक 10 जनवरी को प्रत्येक जन शिक्षा केंद्र पर समस्त प्रशिक्षित जन शिक्षकों ने समस्त शालाओं के शिक्षकों को मेले हेतु प्रशिक्षित किया एवं रिपोर्ट कार्ड का वितरण किया इस प्रकार से आज यह मेला जिले की समस्त प्राथमिक शालाओं में सुनियोजित तरीके से सफलतापूर्वक समस्त जन शिक्षकों एवं समस्त शिक्षकों के व्यक्तिगत रुचि से संपन्न हुआ जिसमें अभिभावकों की बहुत अच्छी सहभागिता रही कई जगह पर जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य और समाजसेवी भी आए जिन्होंने विद्यार्थियों को पुरस्कार भी प्रदान किये।