भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवेशकों को लुभाने के लिए सोमवार को चार दिवसीय जापान यात्रा पर जा रहे हैं। इंदौर से दिल्ली रवाना होने के पहले सीएम ने कहा, हमारी सरकार युवाओं के लिए रोजगार पैदा करने को लेकर उद्योगों पर फोकस कर रही है।
प्रदेश के युवाओं को खेती-किसानी, पशुपालन, निजी सेक्टर, औद्योगीकरण, सरकारी सेक्टर में रोजगार देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। साल भर के प्रयास के बाद कई सेक्टर में एमपी तेजी से आगे बढ़ रहा है। जापान टेक्नोलॉजी और आर्थिक रूप से सशक्त देशों में शामिल है। वहां टेक्नोलॉजी से जुड़े औद्योगिक घराने यहां आकर जुड़ें और रोजगार के अवसर दें, यह प्रयास करने के लिए जापान जा रहा हूं। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को तेजी से आगे बढ़ाएंगे, सभी को रोजगार दिलाएंगे।
24 फरवरी से शुरू होने वाली दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जापान के टोक्यो, ओसाका और कोबे जैसे प्रमुख शहरों में स्थानीय उद्योगपतियों से एमपी में निवेश को लेकर संवाद करेंगे। इस दौरे में कृषि, डेयरी एवं फूड प्रोसेसिंग, फिन टेक, आईटी,आईटीईएस और रोबोटिक्स, फार्मास्युटिकल्स, मेडिकल डिवाइस, इलेक्ट्रिक वाहन, ऑटोमोबाइल, शहरी एवं औद्योगिक बुनियादी ढांचे, एयरोस्पेस और रक्षा, सहित पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर निवेश कराने पर फोकस होगा।