पिपलिया मंडी। थाना क्षेत्र के डूंगलावदा गांव में पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट और महिलाओं से अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है और मामले में क्रॉस केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
पीड़ित पक्ष की माया डाबी ने आरोप लगाया कि आरोपित उनके घर में घुस आए और लकड़ियों से हमला कर उसके साथ मारपीट की। धक्का-मुक्की के दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए। महिला का आरोप है कि आरोपित घर में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद और मंगलसूत्र भी ले गए। इसके अलावा घर में तोड़फोड़ कर घरेलू सामान क्षतिग्रस्त किया तथा बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए।
महिला ने बताया कि घटना के बाद वह शिकायत दर्ज कराने पिपलिया मंडी थाने पहुंची, लेकिन उससे पहले ही दूसरे पक्ष ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। उनका आरोप है कि उनकी शिकायत तत्काल दर्ज नहीं की गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इधर पिपलिया मंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने ने बताया कि मामला एकतरफा नहीं है। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। जांच में सामने आया कि महिला पक्ष के लोगों ने भी दूसरे पक्ष के परसराम डाबी के सिर पर हमला कर उसे घायल किया है। परसराम डाबी की रिपोर्ट पर गोलू डाबी सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। घटनास्थल पर हुई मारपीट, तोड़फोड़, लूट और अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।