नीमच। शहर में सोमवार को आजाद कोटवार कर्मचारी संघ के सदस्यों ने तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा वर्दी भत्ते को लेकर प्रशासन की नई व्यवस्था के विरोध में निकाली गई। दशहरा मैदान से शुरू हुई यह यात्रा विजय टॉकीज चौराहा, लायंस पार्क चौराहा और गोमाबाई रोड होते हुए कलेक्टर कार्यालय तक पहुंची। इसमें नीमच, जावद, मनासा, जीरन, रामपुरा और सिंगोली तहसील के कोटवार शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा थामा हुआ था।
कोटवारों की मुख्य मांग है कि वर्दी की राशि पहले की तरह सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जाए। उनका कहना है कि इससे वे अपने नाप और साइज के अनुसार वर्दी सिलवा सकते हैं। वर्तमान में प्रशासन सिली-सिलाई वर्दी देने की योजना बना रहा है, जिससे कोटवारों में वर्दी की साइज और गुणवत्ता को लेकर चिंता है। आजाद कोटवार संघ के तहसील अध्यक्ष ओम प्रकाश मेघवाल ने बताया कि यह प्रदर्शन प्रदेश संगठन के आह्वान पर किया गया है और जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम ममता खेड़े को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।