कुकडेश्वर। कहानी नेहा सुतार की है, जिन्होंने अपनी लगन और आत्मविश्वास से अपने सपनों को साकार किया। ग्राम जनोद की रहने वाली नेहा सुतार जब कक्षा 6 में पढ़ती थीं, तब उनकी क्लास के बच्चे शानदार ड्राइंग बनाया करते थे। उनकी कलाकृतियों को देखकर नेहा को जलन होती थी, लेकिन इस भावना को उन्होंने नकारात्मक नहीं बनने दिया। उन्होंने अपने आत्मविश्वास को अपनी ताकत बनाया और खुद ड्राइंग बनाना शुरू किया। समय के साथ उनकी मेहनत रंग लाई और आज वे न्यू ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल कुंडालिया में नन्हे बच्चों को ड्राइंग और पेंटिंग की कला सिखा रही हैं।

नेहा की कला का दायरा सिर्फ स्कूल तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने मनासा विधायक माधव मारू, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और जया किशोरी जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों के चित्र भी बनाए हैं जो उनकी प्रतिभा और मेहनत को दर्शाते हैं। नेहा सुतार की कहानी हर उस छात्र के लिए प्रेरणा है जो आत्मविश्वास और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकता है।
