उज्जैन। चैत्र मास के प्रति बुधवार लगने वाली श्री चिंतामण गणेश की दूसरी जत्रा 26 मार्च बुधवार को हुई। भगवान गणेश के दर्शनों के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालु पहुंचे। सुबह भगवान गणेश का पंचामृत पूजन आरती के बाद आकर्षक श्रृंगार किया गया है। मंदिर में दर्शन के लिए सुबह पट खुलने के बाद से रात्रि में शयन आरती होने तक भक्तों की भीड़ रहेगी।
प्रसिद्ध श्री चिंतामन गणेश मंदिर में चैत्र मास के प्रति बुधवार लगने वाली भगवान चिंतामण गणेशजी की यह दूसरी जत्रा बुधवार प्रारंभ हुई। मंदिर के पुजारी ने सुबह पट खोलने के बाद भगवान गणेशजी का पूजन अभिषेक किया इसके बाद भगवान का विशेष शृंगार किया।
मंदिर प्रबंध समिति ने दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छांव और पेयजल की व्यवस्था की है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को गर्भगृह के बाहर से दर्शन की व्यवस्था की गई है। मंदिर समिति के प्रबंधक अभिषेक शर्मा ने बताया कि पहली जत्रा पर ही मंदिर समिति की सारी व्यवस्थाएं थी। लिहाजा दूसरी जत्रा के दौरान कहीं कोई परेशानी नही हुई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में मैटिंग भी बिछाई गई है।