इंदौर। नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा बुधवार को शहर के मध्य क्षेत्र पोलोग्राउंड में फर्स्ट बटालियन के सामने स्थित सर्वे नंबर 49, 59 और 60 पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने विस्तृत निरीक्षण किया। इस 12.880 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर नगर निगम गार्डन, तालाब, योगा सेंटर और पाथवे से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं का विकास करेगा। मियावाकी से पौधारोपण किया जाएगा।
आयुक्त वर्मा ने बताया कि यह भूमि शहर के मध्य क्षेत्र में है, जिसे नगर निगम विकसित करेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत गार्डन, तालाब निर्माण, योगा सेंटर और पाथवे का समावेश होगा, मियावाकी पद्धति से पौधारोपण होगा। (डेंट फॉरेस्ट) जिससे लोगों को शुद्ध एवं हरित वातावरण मिलेगा। इस जगह उद्यान निर्माण के संबंध में आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजना तैयार करने के संबंध में निर्देश दिए है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। शहर के पर्यावरण में सुधार होगा। नगर निगम इंदौर इस काम को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करेगा। ताकि शहर के लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री अभय राजनगांवकर, सहायक यंत्री श्री नरेश जायसवाल, उद्यान प्रभारी श्री नागेंद्र सिंह भदोरिया, श्री चेतन पाटील एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।