नीमच। जीवन को सुरक्षित रखने के लिए यातायात नियमों की पालना बहुत जरूरी है। जिंदगी बहुत मूल्यवान है। सीट बेल्ट और हेलमेट आवश्यक रूप से लगाए। यह बात विधायक दिलीप सिंह परिहार ने मुख्य अतिथि के रूप में नीमच के यातायात पुलिस थाना द्वारा आज आयोजित हेलमेट वितरण और सड़क सुरक्षा पत्रिका विमोचन कार्यक्रम में कही।
इस अवसर पर पुलिस कप्तान एसपी अंकित जायसवाल ने कहा कि यातायात नियमों की जानकारी और पालना का अभाव दुर्घटना के मुख्य कारक है। क्राइम और हत्याओं से ज्यादा मौतें एक्सीडेंट की वजह से होती है। जागरूक रहकर यातायात नियमों का पालन करें। एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने कहा कि वाहनों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए यातायात नियमों को सीखना और जागरूक रहना ज़रूरी है। कार्यक्रम में 70 जरूरतमंद लोगों को जन सहयोग से यातायात विभाग द्वारा हेलमेट वितरित किए गए। सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा थीम पर आयोजित कार्यक्रम में पत्रिका का विमोचन किया गया।
इस मौके पर आरआई विक्रम सिंह भदोरिया, थाना प्रभारी पुष्पा चौहान, विकास, पुलिस कर्मी और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पंकज श्रीवास्तव ने किया। आभार उर्मिला सिंह चौहान ने व्यक्त किया।