छतरपुर। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार देर रात खजुराहो पहुंचे। बुधवार सुबह उन्होंने खजुराहो एयरपोर्ट पर मप्र कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी का स्वागत किया। इस दौरान एक व्यक्ति ने पटवारी को एक आवेदन सौंपा।
आवेदन पढ़ने के बाद पटवारी ने कहा कि मोहन सरकार में हर तरह का माफिया सक्रिय है। उन्होंने कहा कि शराब माफिया, शिक्षा माफिया, नशा माफिया, राजनीतिक माफिया और भू-माफिया तो हैं ही, अब मछली माफिया की जानकारी भी सामने आई है।
आवेदनकर्ता ने बताया कि छतरपुर जिले के तालाबों और डैम पर अतिक्रमण है। मछली माफिया करोड़ों रुपए में अध्यक्ष पद खरीद लेते हैं। पटवारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वह यह चिट्ठी मुख्यमंत्री मोहन यादव को भेजेंगे। उन्होंने कहा कि अब यह सर्वविदित हो गया है कि मोहन सरकार में हर तरह का माफिया सक्रिय है।