जबलपुर। सौगात ए मोदी अभियान पर मध्य प्रदेश में भी सियासी घमासान मच गया। विपक्ष के सवाल उठाने पर लोक निर्माण मंत्री का बयान सामने आया हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने सिर्फ कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुस्लिमों का, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर के दिखाया है। वहीं पीडब्ल्यूडी मंत्री ने स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा और त्योहारो पर खुले में मांस बिकने पर भी प्रतिक्रिया दी है।
एमपी के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सौगात ए मोदी अभियान पर मचे सियासी घमासान के बीच बड़ा बयान दिया हैं। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस ने मुसलमान के वोट लेने के अलावा कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने मुस्लिम समुदाय को हमेशा भारतीय जनता पार्टी से डराने का काम किया।
मंत्री राकेश ने किया ये बड़ा दावा
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने सिर्फ कहा था देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुस्लिमों का, पीएम मोदी ने करके दिखाया। पीएम की सौगात से कांग्रेस को मुस्लिम वोट खिसकने का डर सता रहा है। इतना ही नहीं मंत्री राकेश सिंह यह भी दावा किया कि सरकारी योजनाओं में लाभ लेने वाले सबसे ज्यादा मुसलमान है।
कुणाल कामरा की टिप्पणी पर कही ये बात
लोक निर्माण विभाग मंत्री ने स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा की टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति के नाम पर घटिया टिप्पणी करने की आजादी नहीं दी जा सकती है। अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर किसी का भी मजाक नहीं बनाया जा सकता। किसी के व्यक्तित्व पर टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण बात है। वहीं राकेश सिंह ने औरंगजेब को सबसे क्रूर शासक बताया है। उन्होंने कहा कि सबसे क्रूर शासक के महिमामंडन से देश की जनता की भावना आहत होती है।
देश की बहुसंख्यक आबादी का सम्मान करना चाहिए
त्योहारों में खुले में मांस बिकने पर मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि बहुसंख्यक आबादी की भावनाओं का सभी को सम्मान करना चाहिए। देश की बहुसंख्यक आबादी त्योहारों पर उनके घरों के आसपास मांस बनने या मांस बिकने पर परहेज करती है। त्योहारों पर किसी तीर्थ स्थान के आसपास भी मांस बिकना लोगों को असहज करता है। एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने पर ही भाईचारा संभव है। यह महज धर्म विशेष की बात नहीं है। देश की बहुसंख्यक आबादी त्योहारों में जिन चीजों का परहेज करती है उसका सम्मान सभी को करना चाहिए।