नीमच। नगर पालिका परिषद द्वारा आज वन नेशन वन इलेक्शन के प्रस्ताव को लेकर सम्मेलन आहुत किया गया। सम्मेलन में नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि संपूर्ण राष्ट्र के लिए यह एक बहुत महत्वपूर्ण विषय है। कांग्रेस द्वारा इस प्रस्ताव का नकारात्मक ढंग से विरोध किया जा रहा है। अलग-अलग चुनाव होने से एक लाख 35 हजार करोड़ रुपए का व्यय होता है जो निरर्थक है। एक राष्ट्र एक चुनाव से सरकारी मशीनरी के फ़िज़ूल उपयोग पर अंकुश लगेगा। वहीं पार्षदों ने कहा कि बार-बार चुनाव की वजह से लगने वाली आचार संहिता की वजह से विकास कार्य अवरुद्ध होते हैं। इस संकल्पना का प्रस्ताव पारित कर देश के सुंदर भविष्य का रास्ता प्रशस्त होगा। सम्मेलन में कांग्रेस से निष्कासित पार्षद सुमित्रा पोरवाल और हरगोविंद दीवान के अलावा शेष कांग्रेसी पार्षद अनुपस्थित रहे। नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापत ने कहा कि 24 मार्च को अलोकतांत्रिक तरीके से बजट सत्र का संचालन करने की वजह से कांग्रेस के पार्षदों ने विरोध स्वरूप इस सम्मेलन का बहिष्कार किया है। सम्मेलन में प्रस्ताव के पक्ष में राकेश किलोरिया, राजेश लालवानी, वीरेंद्र पाटीदार, दारा सिंह, शशि कल्याणी, मनोहर मोटवानी, नीरज अहीर ने अपने विचार व्यक्त किये।