अशोकनगर। जिला अस्पताल में गुरुवार सुबह एसएनसीयू वार्ड में ऑक्सीजन सप्लाई की लाइन अचानक फट गई। वार्ड में भर्ती सभी नवजात शिशु ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मेन स्विच से ऑक्सीजन सप्लाई बंद कर दी। सुरक्षा के लिए शिशुओं को एक बेड पर शिफ्ट किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में अफरातफरी मच गई।घटना की जानकारी लगते ही बाहर बैठे परिजन अपने बच्चों की स्थिति जानने के लिए वार्ड के बाहर जमा हो गए। हालांकि, सुरक्षा कारणों से उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। ऑक्सीजन सप्लाई बंद होने से बच्चों की जान को खतरा था। अस्पताल स्टाफ की लापरवाही व स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने कलेक्टर को सूचित किया।
प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। एसडीएम बृजबिहारी लाल श्रीवास्तव, तहसीलदार रोहित रघुवंशी और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने विद्युत सप्लाई और ऑक्सीजन पाइप की मरम्मत का काम शुरू किया। लगभग एक घंटे में स्थिति सामान्य हो गई।
सभी बच्चे सुरक्षित
जिला अस्पताल के डॉक्टर बी एल टैगोर ने बताया कि ऑक्सीजन पाइप की मरम्मत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शिशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए गए। सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति स्थिर है।