भोपाल। 4 महीने बाद गुरुवार को भोपाल जिला पंचायत की मीटिंग हो रही है। बैठक की शुरुआत होते ही सीईओ इला तिवारी ने मीडिया को हॉल से बाहर जाने को कहा। इस पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों ने आपत्ति ली। कहा कि मीडिया को यही बैठने दिया जाना चाहिए। जनता को पता तो चले कि बैठक में क्या बात हुई है।
मीडिया के प्रति सीईओ के इस रवैये की शिकायत कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह से भी की गई है। इधर, उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट और सदस्य विनय मेहर ने उन अधिकारियों के बारे में जानकारी ली, जिनके जिला अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे थे। उन अधिकारियों को हॉल से बाहर जाने को कहा गया।
बैठक में अध्यक्ष रामकुंवर गुर्जर, उपाध्यक्ष जाट, सदस्य मेहर, विक्रम भालेराव, रश्मि भार्गव, बिजिया राजोरिया, चंद्रेश राजपूत, गंगाबाई मालवीय, रामकुंवर हाड़ा, जनपद अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत, विधायक प्रतिनिधि दीपक गुर्जर, सीईओ तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद हैं।
ईई पंकज यादव पर बिफरे जनपद अध्यक्ष
बैठक में बिजली कंपनी के ईई पंकज यादव पर फंदा जनपद अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत बिफर पड़े। गांवों में बकाया राशि का हवाला देकर पूरे गांव की बिजली काटने पर नाराजगी जताते हुए राजपूत ने कहा कि आप यादव होने का फायदा उठा रहे हैं। आप पंकज बाद में और यादव पहले कहते हैं।
दूसरी ओर, आरोपों पर कार्यपालन यंत्री पंकज यादव का कहना है कि नियमानुसार ही कनेक्शन काटने का काम होता है।
गांव में पानी की कमी, इंजीनियर पर नाराजगी
बैठक में उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट ने गांवों में पानी की कमी का मुद्दा उठाया। पीएचई के इंजीनियर संजय सक्सेना पर जमकर नाराजगी जाहिर की गई। गांव में पानी, सड़क को लेकर सदस्य मेहर, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत में भी विरोध जताया। कहा कि अधिकारी सुनते नहीं है। हर बार ऐसा ही रवैया रहा है। ऐसा ही रहा तो भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
गांवों में हैंडपंप बंद हो रहे
सदस्य विक्रम भालेराव के काम नहीं होने पर आपत्ति जताई और संबंधित अधिकारी पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि गांवों में हैंडपंप बंद हो रहे हैं और अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं। फिर कहते हैं कि हम विरोध कर रहे हैं। काम नहीं होने से हमारा गांवों में जाना मुश्किल हो गया है। लोग हमारा विरोध कर रहे हैं।