मंदसौर। नगर पालिका द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में आपको यह अवगत कराने में बड़ी खुशी हो रही है, कि हमारी राजस्व सभापति बहन कौशल्या बंधवार ने शहर के विकास एवं निकाय की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने हेतु ऐतिहासिक बजट प्रस्तुत किया है। नगर पालिका का वार्षिक बजट पिछले वर्ष 484 करोड रुपए का प्रस्तुत किया गया था, जो इस वर्ष बढ़कर 542 करोड रुपए का प्रस्तुत किया गया है।
शासन के प्रावधानो अनुसार निर्धारित कर वृद्धि की गई है। कर वृद्धि के अभाव में निकाय शासन के अनुदान से वंचित रह सकता है एवं आगामी योजनाओं पर भी प्रतिकुल प्रभाव पड़ सकता है।
बजट में विकास हेतु अनेक प्रावधान किए गए है, महिलाओं के लिए सर्वसुविधा युक्त जिम स्थापना हेतु 30 लाख (तीस लाख) रुपये का प्रावधान किया गया है। महापुरुषों की मुर्ति स्थापना, चौराहे का विकास एवं विविध निर्माण कार्य हेतु बजट में 2 करोड 50 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक शहर में गीताभवन बनाने की योजना लागु की गई है, इसके लिए मुख्यमंत्री का बहुत बहुत धन्यवाद।
मन्दसौर शहर में भी गीताभवन के निर्माण हेतु 15 करोड रुपये का प्रावधान किया गया है।
सिंहस्थ योजना अन्तर्गत विभिन्न विकास कार्याे हेतु 35 करोड रुपये का प्रावधान किया गया है।
मन्दसौर स्वच्छता में नये आयाम प्राप्त करें एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिये नवीन शौचालय एवं मुत्रालय निर्माण हेतु 80 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
नगर पालिका की आय में वृद्धि करने हेतु नगर पालिका कालोनी के स्थान पर भव्य शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण हेतु 75 करोड रुपये का प्रावधान किया गया है।
भगवान श्री पशुपतिनाथ मेला, खिडकी माता मेला, नाहर सैय्यद मेले का आयोजन हेतु बजट प्रावधान में वृद्धि की गई है एवं अमृत योजना अन्तर्गत सीवरेज येाजना, नये फिल्टर प्लांट, कई नई पानी की टंकियाँ एवं नवीन डिस्ट्रीब्युशन लाईन व प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत आवास विहीन रह गए लोगो के लिए भी बजट में प्रावधान किए गए हैं। सड़कों के निर्माण हेतु 10 करोड रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्य मार्गाे पर चौड़ीकरण, सौन्दर्यीकरण एवं नवीनीकरण का प्रावधान किया गया है।
इस प्रकार जो बजट राजस्व सभापति द्वारा प्रस्तुत किया गया है, वह मन्दसौर शहर के विकास की गाथा लिखेगा एवं प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा जो प्रयास देश एवं प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिये किये जा रहे है, उसी क्रम में उक्त बजट हमारे मन्दसौर के लिए भी लाभकारी होगा।