खरगोन। शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले राधावल्लभ मार्केट में चोरी की अनोखी वारदात हुई। यहां एक कृषक का ध्यान भटकाकर करीब 3 लाख 80 हजार रुपए से भरा बेग पलक झपकते बदमाशों ने गायब कर दिया। पीड़ित के मुताबिक यह राशि घर में शादी के चलते आभूषण खरीदी के लिए निकाली थी। मामले की सूचना पर थाना प्रभारी बीएल मंडलोई सहित एक दर्जन पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। बैंक सहित कृषक से पूछताछ कर चोरों की तलाश शुरु कर दी।
पीड़ित कृष्णलाल कुशवाह निवासी जामन्या ने पुलिस को बताया कि उन्होंने शहर की दो अलग- अलग बैंकों से राशि का आहरण किया था। इसके बाद दोपहर करीब 1 बजे बैंक के सामने स्थित गन्ना रस ठेले पर ज्यूस पीने चला गया। इसी दौरान गर्दन में खुजली हुई, ठेले वाले ने कहा कि कांचकुरी जैसा लग रहा है दादा आप आगे जाकर धो लो।
कुशवाह ने पुलिस को बताया कि एक कपड़े दुकान पर रखे पानी के ड्रम पर गर्दन धाने गया था, वहां बेग गायब था। कुशवाह ने दो युवकों पर संदेह जताया लेकिन वह उनके चेहरे नही देख सका था।