विदिशा। कृषि उपज मंडी 28 मार्च से 1 अप्रैल तक बंद रहेगी। इस दौरान मंडी में उपज की नीलामी नहीं होगी। मंडी सचिव नीलकमल वैद्य ने बताया कि 28 और 29 मार्च को बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी है। 30 मार्च को रविवार, 31 मार्च को ईद और 1 अप्रैल को बैंकों की छुट्टी के कारण मंडी बंद रहेगी।
मंडी में नियमित नीलामी 2 अप्रैल से फिर शुरू होगी। गुरुवार को मंडी में 35 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हुई। गेहूं के भाव 2 हजार 200 से 2 हजार 600 रुपए प्रति क्विंटल रहे।
समर्थन मूल्य केंद्रों पर खरीदी जारी
जिले में 190 समर्थन मूल्य केंद्रों पर गेहूं की खरीदी शुरू हो चुकी है। हालांकि, अभी 95 केंद्रों पर गतिविधियां कम हैं। विदिशा मंडी में दो केंद्र, रामलीला मैदान और पुरानी मंडी। अन्य केंद्र गंजबासौदा, गुलाबगंज और लटेरी मंडी। जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अनिल तंतुवाय ने बताया कि मंडी बंद रहने के दौरान भी समर्थन मूल्य केंद्रों पर खरीदी जारी रहेगी।
किसानों के लिए निर्देश
किसानों से अपील की गई है कि वे स्लॉट बुक कराकर अपनी उपज की तुलाई कराएं। सभी केंद्र संचालकों को पेयजल और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।