छतरपुर। जिला के बकस्वाहा तहसील के पटवारी हल्का शहपुरा हार क्षेत्र में अचानक लगी आग से खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। इस घटना से संतोष यादव और नंदकिशोर यादव समेत कई किसान बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, जिससे और अधिक नुकसान होने से बचा लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार भरत पांडे मौके पर पहुंचे और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। प्रशासन द्वारा पटवारी से नुकसान का प्रतिवेदन मांगा गया है, ताकि उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके। हालांकि, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं।