नीमच। शहर की नवीन कृषि उपज मंडी में तीसरे दिन की जाने वाले भूखंड आवंटन की नीलामी के निरस्त किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। आज लहसुन प्याज और मूंगफली के व्यापारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। कलेक्टर के नाम आवेदन लेकर पहुंचे व्यापारियों ने धरना दिया,और जल्द से जल्द भूखंड आवंटन नीलामी की प्रक्रिया कराने की मांग की। इस दौरान एसडीएम संजय साहू भी वहां पहुंचे।
व्यापारियों ने बताया कि हमें भार साधक अधिकारी से प्राप्त हुई जानकारी से ज्ञात हुआ है कि आवेदन कम प्राप्त होने से प्रक्रिया स्थगित की गई है। लहसुन प्याज और मूंगफली के व्यापारियों का कहना है कि 26 और 27 मार्च को किराना व मसाला व्यापारियों को नीलामी के माध्यम से भूखंड आवंटित किए गए। जबकि यह पुरानी मंडी में ही संचालित है। लहसुन और प्याज का नई चंगेरा मंडी में काफी समय से घोष विक्रय किया जा रहा है। हम व्यापारियों को नवीन मंडी में किसानों को पेमेंट संबंधित कार्य करने व अन्य तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है।
आवेदन देने वाले व्यापारियों का कहना है कि जब 92 भूखंड के लिए 108 आवेदन प्राप्त हुए हैं, तो राजस्व कम प्राप्त होने की आशंका व्यक्त किया जाना, बेकार है। लहसुन प्याज और मुंगफली के व्यापारियों का कहना है कि विज्ञप्ति व नीलाम के वक्त अधिकारियों द्वारा बताए गए नियम के अनुसार हमने 26-27 तारीख को भूखंड नीलामी में भाग नहीं लिया। आवेदन लेकर पहुंचे व्यापारियों का कहना है कि दो पिछले दो दिनों की तुलना में यदि अब भूखंड आवंटन की नीलामी में कम राजस्व प्राप्त होता है, तो नीलामी प्रक्रिया स्थगित करने में अधिकारी सक्षम है।