नीमच। शहर के समीप ग्राम रेवली देवली के पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण नागदा और ग्रामीणों ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर नारकोटिक्स विंग पर फर्जी केस बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया के समक्ष ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि 4 मार्च 2025 को मनोहर नागदा पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण में उस पर नीमच मनासा रोड जैतपुरा फंटा बाईपास पर सुबह 9.00 बजे लगभग कार छोड़कर भागने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में बताया गया कि घटना स्थल पर मौजूद सरकारी सीसीटीवी कैमरों से यह साफ हो सकता है कि घटना घटित नहीं हुई थी। आरोप है कि द्वेषवश असत्य प्रकरण दर्ज किया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। लक्ष्मी नारायण नागदा का कहना है कि चार मार्च 2025 के एक दिन पूर्व 3 मार्च की शाम को मेरा पुत्र अपनी किसी परिचित से मिलने राजस्थान गया था। जहां अचानक उसका स्वास्थ्य खराब हो गया। घटना का जो समय बताया जा रहा है, तब मनोहर शासकीय अस्पताल में भर्ती था। फिर भी पुलिस ने उसे मौके से भागना बताया है। ऐसी स्थिति में संपूर्ण घटना की विधिवत जांच करवाने की मांग की गई है।