उज्जैन। 30 मार्च को गुड़ी पड़वा के अवसर पर शिप्रा नदी के रामघाट पर 1000 ड्रोन के जरिए भगवान महाकाल, भगवान श्रीकृष्ण और सम्राट विक्रमादित्य की भव्य आकृतियां बनाई जाएंगी। मध्यप्रदेश में यह पहला अवसर होगा जब इतनी बड़ी संख्या में ड्रोन का फॉर्मेशन लोगों को देखने को मिलेगा। इस दौरान आकाश में ही आगामी सिंहस्थ 2028 के लिए तैयार किए गए एंथम सॉन्ग को भी रिलीज किया जाएगा। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव के तहत गुड़ी पड़वा के अवसर पर वर्ष प्रतिपदा के दिन उज्जयिनी गौरव दिवस और सृष्टि आरंभ दिवस मनाया जाएगा। इस विशेष मौके पर महाकाल नगरी के आकाश में एक साथ 1,000 ड्रोन उड़ाए जाएंगे। रात में होने वाला 15 मिनट का भव्य ड्रोन शो अद्भुत नज़ारा पेश करेगा, जिसमें भगवान शिव की आकृति और उनसे जुड़े प्रतीक चिह्न रंग-बिरंगे स्वरूप में नजर आएंगे। शो के दौरान ड्रोन महाकाल, सम्राट विक्रमादित्य का पोर्ट्रेट, माता शिप्रा, ब्रह्मांड, कृष्ण-सुदामा, सिंहस्थ 2028 का लोगो, नववर्ष की बधाई, वैदिक घड़ी और महाकाल की आरती के मनमोहक दृश्य बनाएंगे। पूरे शो के दौरान फीमेल वॉइस ओवर में माता शिप्रा की कथा सुनाई जाएगी। इवेंट डायरेक्टर अधिराज ललित ने बताया कि इस ड्रोन शो का आयोजन बोटलेब और एकमे मीडिया कंपनी, दिल्ली द्वारा किया जाएगा। इस कंपनी की स्थापना 28 आईआईटी के छात्रों ने एक स्टार्टअप के रूप में की थी, जो अब पेशेवर रूप से ड्रोन शो आयोजित कर रहे हैं। यह टीम अब तक खेलो इंडिया, हाल ही में हुए अवार्ड्स और प्रयागराज कुंभ जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों में ड्रोन फॉर्मेशन की शानदार प्रस्तुतियां दे चुकी है। टीम पहले ही उज्जैन पहुंच चुकी है और बीते दो दिनों से आसमान में विभिन्न ड्रोन फॉर्मेशन का ट्रायल कर रही है, ताकि मुख्य आयोजन में अद्भुत नज़ारा पेश किया जा सके।विक्रमादित्य शोध संस्थान के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि सिंहस्थ कुंभ 2028 की तैयारियां उज्जैन में शुरू हो गई हैं। इस महाकुंभ के लिए एक विशेष एंथम सॉन्ग तैयार किया गया है, जिसे प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने अपनी आवाज़ दी है, जबकि इसका संगीत आलोक श्रीवास्तव ने तैयार किया है। ढाई मिनट के इस एंथम सॉन्ग को भव्य तरीके से ड्रोन शो के माध्यम से लॉन्च किया जाएगा।