शाजापुर। आगामी त्यौहारों के मद्देनज़र शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एवं स्थानीय जनों में विश्वास बढ़ाने आज शाजापुर में पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च मोहुपुरा चौराहा से प्रारंभ होकर किला गेट, छोटा चौक, बड़ा चौक, सोमवारिया बाजार, मगरिया, टेंशन चौराहा एवं प्रमुख ट्रैफिक पॉइंट्स से होते हुए मां राजराजेश्वरी माता मंदिर परिसर पर संपन्न हुआ।
फ्लैग मार्च के समापन के बाद अधिकारियों ने मां राजराजेश्वरी माता मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और नवरात्रि एवं मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर मनीष वास्कले, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गोपाल सिंह चौहान, तहसीलदार शाजापुर मधु नायक, थाना प्रभारी कोतवाली संतोष वाघेला, थाना प्रभारी लालघाटी अर्जुन सिंह मुजाल्दे सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित हुए।