मनासा। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित सीएम राइज स्कूल योजना के तहत मनासा सीएम राइज स्कूल ने प्रदेश के शीर्ष 10 स्कूलों में स्थान प्राप्त किया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए आज प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने द्वीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
विधायक अनिरुद्ध माधव मारू का उद्बोधन
विधायक मारू ने कहा, शिक्षा ही वह आधार है जो हमारे देश और समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मनासा सीएम राइज स्कूल का प्रदेश के शीर्ष 10 स्कूलों में स्थान प्राप्त करना हम सभी के लिए गर्व की बात है। इस विद्यालय का 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम यह दर्शाता है कि यहां के शिक्षक एवं स्टाफ पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा
आप सभी विद्यार्थी हमारे भविष्य के निर्माता हैं। कड़ी मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम शिक्षा के क्षेत्र में मनासा का नाम और ऊँचा करेंगे।
विद्यालय व्यवस्थाओं को लेकर विधायक ने कहा
ष्सरकार शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सीएम राइज स्कूलों में उच्च स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाएँ और पुस्तकालय जैसी सुविधाएँ दी जा रही हैं। यदि किसी भी प्रकार की आवश्यकताओं को पूरा करने की जरूरत होगी, तो मैं व्यक्तिगत रूप से इसमें सहयोग करूंगा।
प्राचार्य और स्टाफ को बधाई
मारू ने प्राचार्य बी.एल. बसेर और पूरे विद्यालय स्टाफ को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि उनके प्रयासों से ही यह संभव हो सका है। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही शिक्षा नीतियों की भी सराहना की और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर विद्यालय परिवार, अभिभावक, स्थानीय गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।