नीमच। जिले के नयागांव स्थित सीसीआई सीमेंट फैक्ट्री की कुर्की की कार्रवाई आज तहसीलदार जावद द्वारा की जाना थी। समाचार लिखे जाने तक कुर्की की कार्रवाई के लिए कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। तहसीलदार जावद द्वारा पत्र लिखकर सीसीआई प्रबंधन के अधिकारियों को कुर्की की कार्रवाई के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए गए थे, जिसमें स्पष्ट तौर पर यह भी बताया गया था कि प्रबंधन की अनुपस्थिति में कुर्की की एक तरफा कार्रवाई की जाएगी। आज कार्रवाई के इंतजार में बड़ी संख्या में सीसीआई फैक्ट्री मौके पर बड़ी संख्या में मजदूर और ट्रेड यूनियन के नेता भी पहुंचे थे। उन्हें फैक्ट्री गेट से आधा किलोमीटर पहले बैरियर पर फैक्ट्री प्रबंधन के निर्देशानुसार सिक्योरिटी गार्ड द्वारा रोक दिया गया। यहां मजदूर नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की। मजदूरों और ट्रेड यूनियन के नेताओं का कहना था कि जब तक मजदूरों का बकाया वेतन का भुगतान नहीं मिल जाता, तब तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। नेताओं का कहना है कि प्रबंधन को उच्च न्यायालय में विभिन्न आवेदन लगाने के बावजूद अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। किसी प्रकार की प्रबंधन को राहत नहीं मिलने से कुर्की का रास्ता साफ हो गया है। देखना होगा कि प्रशासन क्या कदम उठाता है।