नीमच। मालवा के नीमच जिले में आगामी 13 व 16 अप्रैल को बीजेपी के दो दिग्गज नेताओं का दौरा प्रस्तावित है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 13 अप्रैल को नीमच आ रहे हैं। इस दिन वे नीमच में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस प्रस्तावित कार्यक्रम में शाह सहकारी क्षेत्र में दूध के उत्पादन, विपणन सहित कई कार्यों को हरी झंडी दिखाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी पार्टी सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए 16 अप्रैल को नीमच जिले के दौरे पर आ रहे हैं। पार्टी के पदाधिकारियों व प्रशासनिक अमले ने भी नेताओं के दौरे को लेकर अपनी कमर कस ली है।
राज्य मंत्री लखन पटेल पहुंचे नीमच-
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल आज भोपाल से रवाना होकर नीमच पहुंचे। सड़क मार्ग के जरिये मंत्री पटेल दोपहर 2 बजे सर्किट हाउस पहुंचे। जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से पहले मीडिया से चर्चा की। साथ ही अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, मनासा विधायक अनिरूद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, बीजेपी जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व अधिकारी मौजूद थे। इसके बाद राज्य मंत्री ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक भी ली।
उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट से आएंगे सिंधिया-
भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने बताया कि 13 अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नीमच दौरा तय हो गया है। इनके बाद 16 अप्रैल को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी नीमच आ रहे हैं। वे उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा रवाना होंगे और नीमच पहुंचेंगे। इस दौरान नयागांव टोल पर बीजेपी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्रीय मंत्री सिंधिया का भव्य स्वागत किया जाएगा। यहां से वे टाउन हाल में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे।