नीमच। अठाना नगर से 4 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम आटा के वन क्षेत्र में मंगलवार देर रात आग लग गई। यह इसी क्षेत्र में एक साल में दूसरी बार की घटना है। क्षेत्र के लोगों के द्वारा आग की सूचना सबसे पहले अंबालाल धाकड़ और मिट्ठूलाल धाकड़ ने हल्का पटवारी ओमप्रकाश कारपेंटर को दी। पटवारी ने तुरंत तहसीलदार मयूरी जोक को सूचित किया। तहसीलदार ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी जगजीवन शर्मा को फायर ब्रिगेड भेजने के निर्देश दिए। घटनास्थल पर डिप्टी रेंजर चंपालाल धनगर, सरपंच प्रतिनिधि दिलीप धाकड़, भेरूलाल भील, सुभाष नायक कोटवार सहित वन कर्मी और स्थानीय नागरिक पहुंचे। सभी ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वन क्षेत्र में हर साल आग लगने की घटनाएं होती हैं। पिछले साल भी यहां आग लगी थी, जिसमें बड़ी संख्या में पेड़-पौधे नष्ट हो गए थे। इसी साल 1 अप्रैल को भी सुबह 8 बजे यहां आग लगी थी। नागरिकों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।