डिंडोरी। कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है. उनका कहना है कि अगर सात दिनों में मजदूरों को भुगतान नहीं किया जाता तो वह आंदोलन करेंगे. आइए जानते हैं आखिर क्या है मामला।
गुरुवार को डिंडोरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम मजदूरों को मजदूरी और सामग्री का भुगतान नहीं होने पर एसडीएम को राज्यपाल मंगू भाई पटेल के नाम ज्ञापन सौंपा है. जिसमें बताया गया है कि वर्ष 2024-25 में मनरेगा योजना से डिंडोरी जिला के सभी 7 विकासखंडों के मजदूरी की राशि 57 करोड़ 71 लाख 65 हजार 267 रुपये लंबित है।
इसके अलावा मेटों की मानदेय राशि 1 करोड़ 2 लाख 98 हजार रुपये और सामग्री की राशि 18 करोड़ 1 लाख 66 हजार रुपये कुल 76 करोड़ 76 लाख 29 हजार रुपये 31 मार्च 2025 वित्तीय वर्ष अंतिम तिथि में लंबित है. विधायक का कहना है कि मनरेगा में 15 दिनों में मजदूरी की राशि मजदूरों को देने का नियम है।
ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि सही समय में मजदूरों को मजदूरी नहीं मिलना दुखद और खेद जनक है. 10 अप्रैल तक लंबित राशि अगर सरकार नहीं देगी तो जनहित में कांग्रेस पार्टी धरना प्रदर्शन और भूख हड़ताल करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकारी की होगी।