नीमच। जिला अभिभाषक संघ ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन के चौथे दिन आज शहर के मुख्य मार्गों पर पैदल मार्च करते हुए मौन रैली निकाली। पैदल मार्च में अधिवक्तागण ड्रेस कोड में शामिल हुए। पैदल मार्च के दौरान अधिवक्ताओं के हाथों में अपनी मांगों के समर्थन में तख्तियां थी। अधिवक्ताओं का पैदल मार्च पुरानी कोर्ट से प्रारंभ हुआ जो कि बारादरी, नया बाजार, घंटाघर, तिलक मार्ग, पुस्तक बाजार, 40 भारत माता चौराहा, विजय टॉकीज चौराहा, लायंस पार्क, गुरुद्वारा, गोमाबाई रोड, शनि मंदिर होते हुए नए न्यायालय भवन तक पहुंचा। जिला अभिभाषक संघ के तत्वाधान में निकले वकीलों के पैदल मार्च का विभिन्न संगठनों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष मनीष जोशी ने बताया कि हमारा आंदोलन लगातार चार दिन से जारी है, लेकिन हमारी मांगों को लेकर कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। हमारी मांगे जायज है। जब तक हमारी समस्या का समाधान नहीं हो जाता, आंदोलन जारी रहेगा। जैसा की विदित है कि वकीलों द्वारा नए न्यायालय भवन में उचित बैठक व्यवस्था की मांग की जा रही है। वकीलों ने यह भी सुझाव दिया था कि कोर्ट भवन के पीछे खाली पड़े स्थान पर हमारी बैठक व्यवस्था की जाए। बताते चलें कि कल धरना स्थल पर नीमच की विधायक दिलीप सिंह परिहार पहुंचे थे। वकीलों ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया था।