कुकड़ेश्वर। मध्य प्रदेश शासन के आदेशानुसार जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के दिशा-निर्देश में आदर्श गांव बरलाई में जल चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था एवं लाल कुंवर भगवती शिक्षण समिति के सहयोग से ग्रामवासियों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक वीरेंद्र सिंह ठाकुर व ब्लॉक समन्वयक महेंद्र पाल सिंह भाटी के मार्गदर्शन में आयोजित चौपाल में संस्था प्रभारी भगवती प्रसाद सोनी, सरपंच सुनील खेर पाटीदार, ग्राम पंचायत सचिव प्रमोद पांडे, सब इंजीनियर राजेश व्यास, सीएचओ प्रेम मालवीय, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सरस्वती गहलोत, सह सचिव दीपक राठौर, दिनेश पोरवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, माताएं एवं बहनें उपस्थित रहीं।
चौपाल में भगवती प्रसाद सोनी ने जल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ष्जल ही जीवन है और यह मनुष्यों के साथ-साथ पशु-पक्षियों, पेड़-पौधों व फसलों के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि गांव के जल स्रोतों जैसे कुएं, बावड़ी, तालाब, नदियां व नाले आदि की समय पर साफ-सफाई व देखरेख की जाए, ताकि वर्षा जल को संरक्षित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि खेतों के पास एवं हैंडपंप के समीप सोखता गड्ढा बनाकर जल को भूमि में रिचार्ज किया जा सकता है। उपस्थित लोगों ने सार्वजनिक कुएं, तालाबों की सफाई एवं वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन ग्राम पंचायत सचिव प्रमोद पांडे द्वारा किया गया एवं उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।