कटनी। शहर के चांडक चौक के पीछे एक रहवासी इलाके में संचालित शंकर लाल फायर वर्क्स की दुकान पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। एस.डी.एम. प्रदीप मिश्रा के नेतृत्व में तहसीलदार बी.के. मिश्रा, सी.एस.पी. ख्याति मिश्रा, कोतवाली प्रभारी आशीष शर्मा एवं पुलिस बल ने दुकान पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान दुकान में 80 डेसिबल से अधिक आवाज वाले तेज धमाकेदार पटाखे पाए गए, जो कानूनी मानकों का उल्लंघन करते हैं। प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि इस दुकान से बिकने वाले तेज आवाज वाले पटाखों के कारण आसपास के रहवासी इलाकों में ध्वनि प्रदूषण हो रहा था, जिससे लोगों को परेशानी हो रही थी। जांच के बाद अधिकारियों ने दुकान को सील कर दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार के अवैध पटाखा व्यापार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।