अशोकनगर। मातामढ़ मोहल्ला स्थित शीतला माता मंदिर पर नवदुर्गा की अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। भीड़ को देखते हुए मंदिर में दोनों तरफ से अभिषेक की व्यवस्था की गई है।
सुबह से ही मंदिर में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। नवरात्रि में माता को जल चढ़ाने का विशेष महत्व है। अष्टमी और नवमी के दिन सबसे ज्यादा भीड़ देखी जाती है। भक्तों ने नौ दिनों तक लगातार माता का जल से अभिषेक कर पूजा की।
बता दें कि, पूरे जिले में नौ दिनों से आराधना का दौर चल रहा है। शहर और आसपास के गांवों के सभी माता मंदिरों में प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। रात में लोग अपने घरों में कुलदेवी की पूजा करेंगे। नवमी के दिन भी इसी तरह की भीड़ रहने की संभावना है। इसके बाद नवरात्रि का समापन होगा।