खरगोन। शहर में रामनवमी पर निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर उत्सवी माहौल बना हुआ है। जगह. जगह भगवा पताकाएं फहराई गई है। श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा निकाली जाने वाली शोभायात्रा के स्वागत के लिए सराफा बाजार, पोस्ट ऑफिस चौराहा, एमजी रोड, तालाब चौक, टवड़ी मोहल्ला भगवा पताकाओं से पटा हुआ है। इन आयोजनों को लेकर जहां आयोजन समितियों ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की है, वहीं पुलिस एवं प्रशासन भी अलर्ट नजर आ रहा है।
एसपी धर्मराज मीना ने कहा रामनवमी की पारंपरिक शोभायात्रा शांति, सौहार्द और प्रेम के साथ निकले, त्यौहार उत्सव के रुप में मने इसके लिए प्रशासन मुस्तैद है। पुलिस ने सुरक्षा के तमाम इंतजाम कर लिए है। गड़बड़ी करने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। शहर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है, जगह. जगह बेरिकेडिंग की गई है। तमाम संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने अपील की है कि तय समय, तय रुटों पर आयोजन समितियां धार्मिक आयोजन कराएं। शोभायात्रा के दौरान मुस्लिम समाज द्वारा भी भव्य स्वागत किया जाएगा।