उज्जैन। भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय के दिशा निर्देशों के तहत जिले में अग्रणी बैंक, बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित स्टार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयति सिंह के मुख्य आतिथ्य में दिया गया। इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया उज्जैन अंचल के उप आंचलिक प्रबंधक पीके कमल तथा राज्य निदेशक आर सेटी, मदन जैन मुख्य रूप से उपस्थित थे।
सिंह ने मां सरस्वती का पूजन तथा दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने जिले के ग्रामीण क्षेत्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 30 महिलाओं/लड़कियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया तथा कोई भी समस्या आने पर निसंकोच संपर्क करने को कहा उप आंचलिक प्रबंधक कमल ने उन्हें पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण लेते हुए स्वरोजगार शुरू करने में हर संभव वित्तीय सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया। राज्य निदेशक आर सेटी ने मुख्य उद्देश्य को समझाते हुए पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण सक्सेना ने किया। संस्थान निदेशक मालवीय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान का पूरा स्टाफ उपस्थित था।