चित्तौड़गढ़। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती के उपलक्ष्य में डॉ. बीआर अंबेडकर महोत्सव समिति के तत्वाधान में एक सामान्य ज्ञान प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
संयोजक अरुण वसीटा, प्रकाश रजक, सुरेश कुमार खोईवाल, मीना कोटवाल, सीमा मीणा ने बताया कि भाग लेने वाले विद्यार्थियों को अपना गूगल फॉर्म सबमिट करना होगा। परीक्षा में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जीवनी, भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, मूल कर्तव्य, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं राज्य सरकार से संबंधित बहुविकल्पनात्मक प्रश्न होंगे। परीक्षा का आयोजन बुधवार 9 अप्रैल 2025 अपराह्न 4 बजे परीक्षा केंद्र शहीद मेजर नटवर सिंह शक्तावत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चित्तौड़गढ़ पर होगा। परीक्षा का समय एक घंटा निर्धारित किया गया है। विद्यार्थियों को परीक्षा से आधा घंटा पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो सहित नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
महोत्सव समिति की संयोजक टीम के सुरेश खोईवाल, हंसराज सालवी, कमल कुमार मीणा, दिनेश सालवी, नारायणलाल खटीक, रविंद्र कुमार बैरवा, गणेशलाल खटीक, किशनलाल सालवी, शिव कोदली, कालूराम बैरवा, रतनलाल सालवी, सुभाष घारु आदि ने संविधान को जानो प्रतियोगिता में गुगल फार्मेट के माध्यम से अधिकाधिक विद्यार्थियों को भाग लेने का आह्वान किया।