रतलाम। अखिल भारतीय वनवासी ग्रामीण मजदूर महासंघ का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन रतलाम में होगा। अधिवेशन का उद्घाटन 15 अप्रैल को प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे। अधिवेशन में प्रमुख रूप से मजदूरों के पलायन रोकने, स्थानीय रोजगार बढ़ाने के लिए शासन पर दबाव बनाने की रणनीति समेत अनेक मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
वनवासी ग्रामीण मजदूर संघ का 7वां अधिवेशन का शुभारंभ सैलाना रोड स्थित विधायक सभागृह में मंगलवार सुबह 11 बजे प्रदेश के सीएम करेंगे। इस अधिवेशन में प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उड़ीसा के करीब 300 प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनके साथ भारतीय मजदूर संघ से संबंधित संगठनों के करीब 3 हजार श्रमिक अधिवेशन में शामिल होने की संभावना है।
अधिवेशन में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री बी सुरेंद्ररन मुख्य वक्ता होंगे। संत भूरालाल महाराज पवन पंथ के पीठाधीश्वर भी शामिल होंगे। अध्यक्षता वनवासी ग्रामीण मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मथूर भाई मालिवाड़ करेंगे।
21 साल से आवाज कर रहे बुलंद
भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री बी सुरेंद्रन ने बताया कि अखिल भारतीय वनवासी ग्रामीण मजदूर महासंघ 21 सालों से जनजाति क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष कर रहा है। महासंघ द्वारा देश के लगभग 93 प्रतिशत असंगठित मजदूरों के मुद्दे को लेकर आवाज बुलंद की जा रही है। हर तीन साल में यह अधिवेशन किया जाता है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने आने की सहमति दी है। अधिवेशन में मुख्य रूप से मजदूरों के हित को लेकर किए जाने वाले प्रयासों पर चर्चा कर अहम प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। सीएम के आने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी है।