खनियांधाना। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती नगर में हर्षाेल्लास और गरिमामई वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लिया।
जयंती समारोह की शुरुआत तहसील परिसर स्थित अंबेडकर पार्क में हुई, जहां बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान सामाजिक संगठनों, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
इसके पश्चात नगर के प्रमुख मार्गों से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें झांकियों, डीजे, बैंड, एवं बाबा साहेब के संदेशों से सुसज्जित वाहन शामिल थे। शोभायात्रा ने नगर भ्रमण कर सामाजिक समरसता और न्याय का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन नया बस स्टैंड परिसर में आयोजित भव्य आमसभा से हुआ, जिसमें विभिन्न वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों, उनके योगदान और आज के युग में उनके सिद्धांतों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। सभा का संचालन गरिमामई वातावरण में किया गया।
नगर में आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी सराहनीय रही। समस्त आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।