गुना। हनुमान जयंती के जुलूस पर हुए पथराव की घटना के बाद गुना शहर में तीसरे दिन भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। स्थिति उस समय और अधिक बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों की एक भीड़ विवादित क्षेत्र की ओर बढऩे लगी। पुलिस ने हालात संभालने के लिए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने उस गली में जाने का प्रयास किया जहां शनिवार को जुलूस पर पथराव हुआ था। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहां प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं की मांग थी कि आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर जैसी सख्त कार्रवाई की जाए।