भोपाल। पीसीसी चीफ और प्रदेश प्रभारी दो दिन बाद से यानी 16 अप्रैल से 20 अप्रैल तक बुंदेलखंड और मालवा के जिलों में संपर्क करने वाले हैं। अभी दौरा कार्यक्रम प्रदेश प्रभारी का बना है। उनके साथ पटवारी भी बैठकों में शामिल होंगे। संगठनात्मक बैठकों के दौरान कांग्रेस के दोनों ही नेता अहमदाबाद में तय की गई पार्टी की रणनीति और संगठन की मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद करेंगे।
बता दें कि दिल्ली में मप्र कांग्रेस जिला अध्यक्षों की बैठक और अहमदाबाद अधिवेशन के बाद नए सिरे से यह दौरा तय हुआ है। चौधरी और पटवारी निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और सागर जिलों में दौरे करेंगे और तीन जगह रात्रि विश्राम भी करेंगे।
युवाओं को मिलेगा मौका
मप्र कांग्रेस में जल्दी ही प्रदेश, जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर बदलाव देखे जाने हैं। इसमें 10 महीने पहले फैक्ट फाइंडिंग कमेटी द्वारा दिए गए फीडबैक का भी ध्यान रखा जाएगा। बैठक में आया था कि प्रदेश में कई उम्रदराज नेताओं को पीछे छोड़कर पार्टी को आगे बढ़ना चाहिए।
लेकिन इस पर कोई काम नहीं हुआ है। अब जानकारी निकलकर सामने आई है कि मई माह में होने वाले बदलाव में वर्ग और जातियों के संतुलन में युवाओं व महिलाओं को मौका दिया जाएगा। इसके लिए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी मिलकर प्रदेश का दौरा कर रहे हैं और तेज तर्रार नेताओं की सूची तैयार कर रहे हैं। दोनों बुंदेलखंड का दौरा करने वाले हैं।